राजधानी शिमला में पकड़ी साल की सबसे बड़ी चिट्टे की खेप, लाखों में कीमत, हरियाणा का तस्कर अरेस्ट

 

शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना बालूगंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा लेकर आईएसबीटी के प्रथम तल पर घूम रहा है और स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान शमशाद अहमद (42 वर्ष), निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में उसके कैरी बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से 288 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे 25 मार्च को अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था, जिससे मामले की गहराई से जांच की जा सके। एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। उनका कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *