Punjab : जालंधर में हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 

हरविंदर सिंह विरक, पीपीएस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर देहात के दिशा-निर्देशों के अनुसार जालंधर देहात पुलिस द्वारा गंभीरअपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक हत्या के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विनीत अहिलावत, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक (तफ्तीश) तथा ऊंकार सिंह बराड़, उप पुलिस अधीक्षक, सब-डिवीजन नकोदर के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी थाना सदर नकोदर की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आधुनिक एवं तकनीकी तरीकों से आरोपी गुरदेव सिंह को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए ऊंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पहली अप्रैल को अमनप्रीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी पट्टी अकालपुर मलसियां, थाना शाहकोट, जिला जालंधर द्वारा शिकायत दी गई कि उसका चाचा अमरजीत सिंह पुत्र अजमेर सिंह, उम्र लगभग 45 वर्ष, जो करीब 20 वर्षों से गुरदेव सिंह के साथ काम कर रहा था, नवंबर 2025 से घर नहीं आया। शक के आधार पर गुरदेव सिंह के खिलाफ मुकदमा नंबर 63 पहली अप्रैल अंतर्गत धारा 103, 238 बीएनएस थाना सदर नकोदर में दर्ज किया गया।

 

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 13 नबंवर 2025 को अमरजीत सिंह की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की नीयत से अपने घर में बाथरूम के पास लगभग पांच-छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर प्लास्टिक के बोरे में डालकर दफना दिया। गुरुवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट पवनदीप सिंह की उपस्थिति में पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर गांव गांधरा स्थित उसके घर में बाथरूम के पास खुदाई कर मृतक अमरजीत सिंह का दफनाया हुआ शव बरामद किया। इस दौरान गांव गांधरा तथा मलसियां पट्टी अकालपुर की पंचायतें भी मौके पर मौजूद थीं। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा करवाया जाएगा तथा मृतक के डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले की गहनता से जांच की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *