
सिरमौर जिला के राजकीय प्राथमिक पाठशाला जासवी में सोमवार को एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कक्षा के दौरान स्कूल की छत से प्लास्टर गिर गया। यह एक बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन सौभाग्यवश इस दुर्घटना में किसी भी छात्र को चोट नहीं लगी। मनीष बिरसान्टा ने कहा कि यह घटना स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की घोर लापरवाही को उजागर करती है।
यदि समय रहते इस जर्जर भवन की मरम्मत की गई होती, तो इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। यह सीधे तौर पर बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इस घटना की कड़ी निंदा करती है और प्रशासन से मांग करती है कि तुरंत प्रभाव से सभी शैक्षणिक संस्थानों की भवन स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित किया जाए। मनीष बिरसान्टा ने कहा कि प्रशासन ने शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रों एवं आम जनमानस को संगठित कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।