
राघव चड्ढा के बाद अब आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी भाजपा में शामिल हो गईं हैं। AAP के साथ करीब दो दशक पुराना रिश्ता तोड़ते हुए मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया और अरविंद केजरीवाल पर चुन चुनकर हमले किए। इससे पहले शुक्रवार को सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल बीजेपी में शामिल हुए थे और दावा किया था कि AAP के चार और सांसद स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी बीजेपी में शामिल होंगे।
वहीं, शनिवार को राघव चड्ढा के के इस दावे पर मुहर लगाते हुए स्वाति मालीवाल ने बीजेपी जॉइन करने की पुष्टि कर दी है। भाजपा जॉइन करने के बाद स्वाति ने कहा कि उन्होंने यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्वास के कारण लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे बीजेपी से जुड़ें।
इस मौके पर स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं 2006 से केजरीवाल के साथ थी, उनके हर आंदोलन में साथ दिया, लेकिन उन्होंने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया। जब मैंने आवाज उठाई तो मुझे डराया और धमकाया गया। मुझ पर FIR वापस लेने का दबाव बनाया गया। मालीवाल ने केजरीवाल को महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि पिझले दो सालों में उन्हें संसद में एक बार फिर बोलने का मौका नहीं दिया गया, जो बेहद शर्मनाक है।
स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं तो वहीं दूसरी ओर हमारे पास PM मोदी हैं जो दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने कहा कि चाहे वह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हो, जब हमने दुश्मनों के घरों में घुसकर उन्हें मार गिराया और देश से नक्सलवाद खत्म किया, या संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करना हो, मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।