
सोलन जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब रोडवेज की बस में सवार एक युवक से 11.07 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल को जिला पुलिस की एसआईयू टीम गश्त और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से सोलन शहर में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक बस के माध्यम से नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शमलेच क्षेत्र में नाकाबंदी की और पंजाब रोडवेज की बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक के कब्जे से 11.07 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान लोकराज उम्र 25 गांव व डाकघर पोशना, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन, पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।