Himachal Pardesh सुजानपुर की 16 पंचायतों में अब नहीं सताएगी लो-वोल्टेज की टैंशन!

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश सचिवालय से हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने 7.54 करोड़ रुपए की लागत से पटलांदर (अंसला) में बनकर तैयार हुए 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से विधिवत शुभारम्भ किया।

इस सब-स्टेशन के शुरू होने से सुजानपुर क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को बिजली की आपूर्ति मिलेगी। लाभान्वित होने वाली पंचायतों में पटलांदर, रंगर, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाना, दुहाक, सौद, भटेरा, पनोह, धैल, जियार कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

इस परियोजना के तहत चबुतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नए सब-स्टेशन से 11 केवी कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर और पलाई फीडरों को सीधे बिजली की आपूर्ति प्रदान की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या फॉल्ट के समय क्षेत्र की बिजली गुल न हो,

इसके लिए इस सब-स्टेशन को 33 केवी सब-स्टेशन टौणी देवी और 33 केवी सब-स्टेशन सुजानपुर के साथ जोड़ा गया है। इससे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। लाइन की लंबाई कम होने और फीडर आपस में जुड़े होने से बिजली की बर्बादी कम होगी, साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का भी हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुजानपुर के विधायक रणजीत सिंह राणा समय-समय पर इस समस्या को लेकर उनके पास आते थे, जिसके बाद सरकार ने इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया। सीएम ने कहा कि वह खुद सुजानपुर जाकर इसका उद्घाटन करना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम और बरसात के कारण यह संभव नहीं हो पाया।

उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार राज्य का एक समान विकास सुनिश्चित कर रही है। वहीं सुजानपुर से वर्चुअली जुड़े विधायक रणजीत सिंह राणा ने इस बड़ी परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है, जिससे 16 पंचायतों की बड़ी समस्या दूर हुई है।

शिमला सचिवालय में इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुरेश कुमार और सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर और राज्य विद्युत बोर्ड के एमडी आदित्य नेगी उपस्थित रहे। वहीं, सुजानपुर से हमीरपुर की डीसी गंधर्वा राठौड़ और एसपी बलबीर सिंह वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *