
ओमान तट के पास एक कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हमला हुआ है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर 11 भारतीय नागरिक सवार थे जिनमें से 10 को बचा लिया गया है जबकि एक भारतीय नागरिक अभी लापता है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार ओमान के तट पर वाणिज्यिक जहाज जीएफएस गैलेक्सी को निशाना बनाकर किए गए इस हमले के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को तो बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय की तलाश अभी भी जारी है।
ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। भारत ने संकट के इस समय में सहयोग देने के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
मंत्रालय ने अपने बयान में इस बात पर दुख और चिंता व्यक्त की है कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं जो बेहद चिंताजनक हैं। भारत सरकार ने वैश्विक मंच से एक बार फिर दोहराया है कि क्षेत्र में तनाव को तुरंत कम किया जाना चाहिए। इसके साथ ही जारी राजनयिक वार्ताओं को किसी तार्किक और शांतिपूर्ण समाधान तक पहुंचाया जाना बेहद जरूरी है, ताकि पूरे क्षेत्र में फिर से शांति और स्थिरता लौट सके।