
भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा से मंगलवार को अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपए में 121 पैसे की जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पिछले कारोबारी दिवस पर 91.4950 रुपए प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा आज 119.50 पैसे की बढ़त के साथ 90.30 रुपए प्रति डॉलर पर खुली और 90.23 रुपए प्रति डॉलर तक मजबूत हुई। खबर लिखे जाते समय रुपया 121 पैसे की मजबूती के साथ 90.2850 रुपए प्रति डॉलर पर था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार देर रात टेलीफोन पर हुई वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा की। इससे मंगलवार घरेलू शेयर बाजारों और मुद्रा बाजार में जबरदस्त तेजी रही।
बीएसई का सेंसेक्स 3,656.74 अंक उछलकर 85,323.20 अंक पर खुला और देखते ही देखते 4,205.27 अंक चढक़र 85,871.73 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 2,227.60 अंक (2.73 प्रतिशत) ऊपर 83,894.06 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 1,219.65 अंक की तेजी के साथ 26,308.05 अंक पर खुला। यह 1,252.80 अंक तक चढक़र 26,341.20 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 677.70 अंक यानी 2.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,766.10 अंक पर था। बाजार में सभी सेक्टरों के सूचकांकों में बड़ी तेजी देखी गयी। सेंसेक्स में आईटीसी को छोडक़र सभी कंपनियों के शेयर फिलहाल हरे निशान में हैं। सूचकांक की तेजी में सबसे अधिक योगदान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा का रहा।