भागवत कथा सुनकर लौट रहा था दंपती- खाई में लुढ़की कार

हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ताजा मामला सिरमौर जिला से सामने आया है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।

 

गहरी खाई में गिरी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना राजगढ़ क्षेत्र के देवठी मझगांव स्थित कुथल धार में हुई। कार (HP-16A-5019) में तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वाहन देवठी मझगांव के समीप पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।

 

कार के गिरते ही जोरदार आवाज और चीख-पुकार से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

 

इलाज के दौरान दंपति की मौत

घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। इलाज के दौरान 62 वर्षीय राम बहादुर और उनकी 60 वर्षीय पत्नी मीना देवी ने दम तोड़ दिया। चालक अमन कुमार का उपचार जारी है।

 

मृतक दंपति नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं, जो क्षेत्र में बागवानी का कार्य करते थे। हादसे की सूचना स्थानीय निवासी नरवीर सिंह ने पुलिस थाना राजगढ़ में दी। उन्होंने बताया कि वह क्यारी गांव से भागवत कथा सुनकर लौट रहे थे, तभी कुंथल धार के पास यह दुर्घटना हुई।

 

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *