स्वारघाट के पास खाई में मिला घुमारवीं के लापता युवक का शव

 

जिला बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र से गुमशुदा युवक का शव हिमाचल–पंजाब सीमा पर स्थित टोल प्लाजा ग्रामोड़ा और एंट्री टैक्स टोल बैरियर के नजदीक गर बघेरी सड़क से नीचे झाड़ियों में बरामद हुआ है। मृतक युवक की पहचान आनंद शर्मा (21) पुत्र जीतराम निवासी गांव हिमर, डाकघर कोटलू ब्राह्मणन, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद शर्मा 11 मार्च को अपने घर हिमर से मोहाली के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने 13 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना घुमारवीं में दर्ज करवाई थी। शनिवार दोपहर बाद पुलिस थाना स्वारघाट को सूचना मिली कि गर बघेरी लिंक रोड के पास खाई में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्वारघाट पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस थाना घुमारवीं की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

 

घटनास्थल के पास सड़क किनारे एक स्कूटी भी खड़ी मिली है, जिसे मृतक की बताया जा रहा है। शव गहरी खाई में होने के कारण उसे निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। रास्ता न होने और झाड़ियों के कारण पुलिस तथा परिजनों को शव तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *