हिमाचल से अन्याय कर रही केंद्र सरकार, राजस्व घाटा अनुदान बंद होने की टीस नहीं छिपा पाए मुकेश अग्रिहोत्री

मंडी शिवरात्रि महोत्सव के आगाज के मौके पर भी डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री राजस्व घाटा अनुदान बंद होने की टीस नहीं छिपा पाए। जलेब में मेहमान के तौर पर शामिल हुए मुकेश अग्निहोत्री ने साफ कहा कि केंद्र की मोदी सरकार संघीय ढांचे पर प्रहार कर रही है। राजस्व घाटा अनुदान बंद करने को डिप्टी सीएम ने कहा यह हिमाचल से अन्याय है। हिमाचल के संसाधनों के सहारे केंद्र तो कमाई कर रहा है, लेकिन हिमाचल को कंगाली के दलदल में धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा मंडी शिवरात्रि और कुल्लू दशहरा मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने से इन मेलों की प्रतिष्ठा विश्व स्तर तक पहुंची और आज ये हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान बन चुके हैं।

विदेशी कलाकार यहां आ रहे हैं और मंडी के लोगों ने इस देवसमागम की परंपरा को सदियों से सहेज कर रखा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान और जीएसटी क्षतिपूर्ति बंद किया जाना उचित नहीं है। यह संघीय ढांचे के विपरीत है। उन्होंने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप कर हिमाचल का अधिकार बहाल करवाने का आग्रह किया और आश्वस्त किया कि किसी का वेतन, पेंशन या ओपीएस बंद नहीं होगी तथा विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में जन कल्याण के किसी भी कार्य को प्रभावित नहीं होने देगी।

 

देवताओं को विशेष टेंट

 

उपायुक्त एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष पहली बार पैगोड़ा शैली में देवी-देवताओं के लिए विशेष देव स्थल तैयार किए गए हैं। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव में आयोजित किए जा रहे अन्य कार्यक्रमों का भी ब्यौरा दिया।

 

महोत्सव में ये रहे मौजूद

 

शिवरात्रि महोत्सव के दौरान विधायक चंद्रशेखर, ठाकुर कौल सिंह, रंगीला राम राव, प्रकाश चौधरी, सोहन लाल ठाकुर, संजीव गुलेरिया, लाल सिंह कौशल, शशि शर्मा, चंपा ठाकुर, विजय पाल सिंह, एचपीएमसी निदेशक मंडल सदस्य जोगिंद्र गुलेरिया, धर्मेंद्र धामी, केशव नायक, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, नरेश चौहान, जगदीश रेड्डी, मेयर वीरेंद्र भट्ट, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, शिवपाल शर्मा आदि गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *