तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत, गुस्साई भीड़ ने DTC बस को लगाई आग

 

दिल्ली के नांगलोई में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से सोमवार को तीन लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने यूनीवार्ता को बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुस्साई भीड़ ने डीटीसी की जिस बस में आग लगाई है, वह दुर्घटना में शामिल नहीं थी। एक दूसरी बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। पुलिस नियंत्रण कक्ष (सीपीआर) को फोन पर इस घटना की जानकारी देने वाले व्यक्ति ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है।

 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक मरने वालों में ई-रिक्शा में सवार लोग और एक स्कूटर सवार शामिल हैं। दुर्घटना के बाद, गुस्साई स्थानीय भीड़ ने डीटीसी बस में आग लगा दी, जिसके कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *