
Manoj Kumar mankatia हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। बारिश जहां ठंड लेकर आई है, वहीं बर्फबारी से पहाड़ भी चमक उठे हैं। हमीरपुर जिला में लंबे अरसे बाद झमाझम बारिश देखने को मिली है। दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते अंधेरा छाया गया। सडक़ों पर दौड़ रहे वाहन भी दिन में ही लाइटें जलाकर दौड़ते नजर आए। शहर की गलियों में भी अंधेरा छाया रहा और तेज बारिश शुरू हो गई।
आसमान में बिजली की चमक और गर्जना से भी लोग सहम उठे। बारिश से मौसम भी काफी ठंडा हो गया है। लोग गर्म कपड़ों में ही दिन भर लिपटे नजर आए। बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर भी जारी रहा। इससे किसानों की गेहूं फसल जहां खेतों में ही लेट गई है, वहीं बागबानों की आम, अनार व प्लम की फसल भी तेज आंधी से झड़ गई है, जिससे बागबानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है। फिलहाल बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। तेज बारिश हवाएं चलते ही शहर में बिजली भी गुल हो गई है। ऐसे में दुकानों में भी अंधेरा पसरा रहा। बिना बिजली के लोग दुकानों में ठिठुरते नजर आए।