
झारखंड के गोड्डा जिले के देवदांड थाना क्षेत्र में ‘डायन-बिसाही’ के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उनकी पहचान पचास वर्षीय दरवारी मुर्मू, पैंतालीस वर्षीय उनकी पत्नी मक्कू वास्की और बारह वर्षीय पुत्र दीप नारायण मुर्मू के रूप में की गई है। इस जघन्य घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह की है। आरोप है कि कुछ लोगों ने परिवार पर जादू-टोना करने का शक जताते हुए उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। देवढाड थाना प्रभारी अमित मालवीय पौडैयाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित गांव में कैम्प किये हुए हैं।
इस संबंध में गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि घटना सुबह की है और मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच डीएसपी के नेतृत्व में की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।