नालागढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग, दोस्त को देसी कट्टे से मारी गोली, घायल PGI रैफर

 

औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड नंबर-2 में एक युवक ने अपने ही दोस्त पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सिविल अस्पताल नालागढ़ और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ारोपी दिशांत उर्फ दिशू ने किसी विवाद के चलते अपने साथी पर देशी कट्टे से गोली चला दी। गोली पीडि़त के हाथ में लगी, जबकि छर्रे उसके पेट में भी जा लगे। घटना के तुरंत बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। थाना नालागढ़ में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

 

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि बीबीएन क्षेत्र में कानून व्यवस्था को किसी भी हालत में बिगडऩे नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है, वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *