मोहाली खरड़, डेराबस्सी अदालत को बम से उड़ाने की धमकी

 

मोहाली। पंजाब के मोहाली खरड़ और डेराबस्सी की अदालतों को बम से उड़ाने की फिर धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोहाली अदालत परिसर को खाली करवा दिया। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके को घेरकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीमों को भी बुलाया गया है, जो परिसर में हर संदिग्ध वस्तु की जांच कर रही हैं।

 

पंजाब पुलिस के करीब 60 जवान अलग-अलग हिस्सों में जांच अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली है और उसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *