सरकार के पास आज शाम तक का वक्त, कल से चक्का जाम

 

टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने प्रदेश की सुक्खू सरकार को सोमवार शाम तक का अल्टीमेटम दे दिया है। यूनियन ने दोटूक कह दिया है कि अगर टैक्सी ऑपरेटरों के पक्ष में शाम तक कोई निर्णय नहीं लिया जाता है, तो कल से वे चक्का जाम कर देंगे। यही नहीं, वे सभी गाडिय़ों को सडक़ पर ही रोक देंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी। जानकारी के अनुसार कांगड़ा टैक्सी ऑपरेटर यूनियन जिला कांगड़ा प्रधान संजय शर्मा के नेतृत्व में टैक्सी बस ट्रक चालकों ने सोमवार को सुबह से ही पठानकोट-मंडी फोरलेन पर चंबी चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कामर्शियल वाहनों को रोक दिया।

कामर्शियल व्हीकल चालकों का आरोप है कि सरकार एटीएस के माध्यम से गाडिय़ों की पासिंग करवाने के नाम पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। इसके अलावा उन्होंने जीपीएस सिस्टम लगाने का भी विरोध जताया और चेतावनी दी कि यदि शाम तक सरकार ने कोई उचित निर्णय नहीं लिया, तो कल से सभी वाहनों को रोक दिया जाएगा और सडक़ पर चक्का जाम किया जाएगा। सोमवार को सभी कामर्शियल वाहनों के न चलने से स्कूलों में छात्र नहीं पहुंच पाए। कर्मचारी भी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे, जबकि कई लोगों को रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। इस प्रदर्शन के दौरान चंबी टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के साथ शाहपुर टैक्सी यूनियन के सुनील शर्मा, निर्मल सिंह सहित अन्य चालक व परिचालक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *