पालमपुर में भीषण सड़क हादसा, 500 फुट गहरी खाई में गिरी बोलेरो पिकअप, दो युवकों की मौत, एक घायल

 

जिला कांगड़ा के पालमपुर में भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां बंदला पंचायत के छिड़ चौके के पास एक बोलेरो पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार दो युवकों की मौत हो गई है जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों की पहचान बोलेरो चालक अभय उर्फ अब्बू (23) पुत्र कुशल कुमार और निशांत (27) पुत्र सतीश कुमार निवासी बंदला के तौर पर हुई है। वहीं, घायल की पहचान वरुण उर्फ बन्नू पुत्र अशोक कुमार निवासी बंदला के रूप में हुई है। वहीं. गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल पालमपुर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किया गया है। घायल वरुण रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट में कार्यरत है।

 

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे पेश आया। बंदला गांव के तीन युवक बोलेरो पिकअप में सवार होकर सौरभ वन विहार मार्ग से गुजर रहे थे। भारी बारिश के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सीधे 500 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही गांव के दो नौजवानों की मौत की खबर सुनते ही पूरी पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *