गारबेज प्रोसेसिंग प्लांट हरगिज मंजूर नहीं, धरने पर बैठे लोग, बोले, कूड़ा संग्रह केंद्र सेहत-पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा

 

मोहाली के नजदीकी क्षेत्र साही माजरा फेज-2, फेज-5 और आसपास के रिहायशी व औद्योगिक इलाकों में एक गंभीर चिंता का मामला सामने आया है। जहां ग्रीन बेल्ट को गार्बेज प्रोसेसिंग प्लांट में बदला जा रहा है। यह स्थान उद्योगों और रिहायशी इलाकों के बिलकुल पास होने के कारण लोगों की सेहत और पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। आज इस मुद्दे के खिलाफ लगाए गए धरने में भाग लेते हुए भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा ने कहा कि यह प्लांट बिजली ग्रिड के बिलकुल साथ लग रहा है। इसके चलते किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, जो कि बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट, नगर निगम और संबंधित सरकारी विभाग तथा भगवंत मान सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे बैठे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

 

यह स्थिति इलाके के लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने के समान है। हरदेव सिंह उभ्भा ने भगवंत मान सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप किया जाए और ग्रीन बेल्ट में बनाए जा रहे गारबेज प्रोसेसिंग प्लांट को रोका जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों और रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *