
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच आरोपियों को 7.050 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार करके सरहद पार से नशीले पदार्थों की तस्करी वाले दो कार्टेलों का पर्दाफाश किया है। हेरोइन की कीमत 60 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने मंगलवार को यहां दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपू (22) निवासी हरकृष्ण नगर छेहरटा, अमृतसर, प्रिंस सिंह उर्फ प्रिंस निवासी गांव कोहाला, अमृतसर, रजिंदर सिंह उर्फ घुद्दू (23), रणदीप सिंह उर्फ दिल (19) और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (21) के रूप में हुई है, जो तीनों गांव सैंसरा कलां, अमृतसर के निवासी हैं। हेरोइन बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनका मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है, जिस पर वे नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो ड्रोन के माध्यम से खेप भेजकर अपने स्थानीय हैंडलरों के जरिए पूरे पंजाब में इसकी सप्लाई कर रहा था।
डीजीपी ने कहा कि इस नशा तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए और जांच जारी है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दीपक सिंह उर्फ दीपू को 1.3 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को और 2.6 किलो हेरोइन बरामद करने में सफलता मिली, जिससे कुल बरामदगी 4.04 किलो हेरोइन हो गई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आधारित हैंडलर के बारे में आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने तीन अन्य आरोपियों रजिंदर उर्फ घुद्दू, रणदीप उर्फ दिल और गुरप्रीत उर्फ गोपी को 1.01 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। उनके चौथे साथी प्रिंस सिंह को भी दो किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार कर लिया गया।