उम्र 31 साल, कैलिफोर्निया में घर, होटल में कैसे पहुंचा ट्रंप पर हमला करने वाला, जानिए

 

ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (डब्लूएचसीए) की ओर से आयोजित रात्रिभोज में हुई सुरक्षा चूक और गोलीबारी की घटना में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित और सकुशल हैं। गोलीबारी के तुरंत बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने संदिग्ध हमलावर को तत्परता से दबोच लिया और उसे हिरासत में ले लिया। कानून प्रवर्तन सूत्रों के अनुसार संदिग्ध हमलावर की पहचान कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह 31 वर्ष का है और कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला है। उसके पास से एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद हुआ है।

शुरुआती जांच के अनुसार हमलावर उसी होटल में ठहरा हुआ था, जहां कार्यक्रम आयोजित था। इसी वजह से वह सुरक्षा के बाहरी घेरे को पार करने में सफल रहा। राष्ट्रपति ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस की बहादुरी की प्रशंसा की है और कहा है कि सुरक्षाबलों ने बहुत ही तेजी और निडरता से काम किया। बीबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में चल रहे इस कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलियां चलीं, जिससे वहां मौजूद मेहमानों में हडक़ंप मच गया। इस घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप के साथ प्रथम महिला मेलानिया और उपराष्ट्रपति जेडी वांस भी कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए राष्ट्रपति और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बीबीसी ने बताया कि हालांकि गोलीबारी के कारण स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन किसी भी खास मेहमान के घायल होने की खबर नहीं है। हमले के पीछे के मकसद की अभी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हैं। ह्वाइट हाउस ने पुष्टि की है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

 

शो जारी रहने दें

श्री ट्रंप ने लिखा कि हमलावर को पकड़ लिया गया है और मैंने सुझाव दिया है कि हम शो जारी रहने दें, लेकिन मैं पूरी तरह से कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निर्देशों का पालन करूंगा। वे जल्द ही कोई फैसला लेंगे। उनका फैसला चाहे जो भी हो, यह शाम वैसी नहीं होगी जैसी योजना बनाई गई थी। हमें बस इसे सीधे, फिर से करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनिया भर के नेताओं ने इस घटना की निंदा की है और जोर दिया है कि लोकतांत्रिक समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *