
पठानकोट के कस्बा सुजानपुर में सीवरेज बोर्ड और प्रशासन की बड़ी लापरवाही के कारण एक हंसता खेलता परिवार तबाह हो गया। सीवरेज के अधूरे काम और खुदे हुए गड्ढों के कारण बिजली का पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने और करंट लगने से घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्यारा लाल 51 के तौर पर हुई है, जो सुजानपुर के ही जम्मू कलियारी क्षेत्र का रहने वाला था। प्यारा लाल मजदूरी करता था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों ने इस दौरान सीवरेज बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि ये हादसा नहीं हत्या है। लोगों ने सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों और ठेकेदार पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि विभाग द्वारा की गई एक गरीब इंसान की सीधी हत्या है।
अचानक हुआ हादसा, संभलने का भी नहीं मिला मौका दरअसल, सुजानपुर में सीवरेज बिछाने का काम चल रहा है। जिसके चलते कई स्थानों पर सडक़ें और गलियां खोदी गई हैं। इसी तरह, सुजानपुर की शमशानघाट रोड पर भी काम चल रहा था और सडक़ खोदी थी। इसी दौरान बिजली का पोल नीचे से जमीन खोखली होने के कारण गिर गया। इसी दौरन नीचे से साइकिल सवार गुजर रहा था। जिसे संभलने का मौका नहीं मिला। विरोध जता रहे स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के सामने स्पष्ट मांगें रखी हैं। उन्होंने मांग करते कहा कि सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ धारा 302 हत्या का मामला दर्ज किया जाए।