
पंजाब के मानसा जिला के सरदूलगढ़ कस्बे में एक युवक पर नशा तस्करी का मामला दर्ज होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। वार्ड छह के निवासी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस पर झूठा केस दर्ज करने का आरोप लगाया। इसी दौरान युवक की मां अपने बेटे के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रशासन को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने गुरप्यार सिंह नामक युवक के खिलाफ 30 नशीली गोलियां बरामद करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस युवक को सुबह घर से उठाकर ले गई थी और शाम तक छोडऩे की बात कही थी, लेकिन बाद में उस पर केस दर्ज कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
युवक की मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके बेटे को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी पुलिस ने उनके बेटे पर गलत मामले दर्ज किए थे। मां के इस कदम से इलाके में तनाव बढ़ गया और प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। थाना प्रभारी ने कहा कि गुरप्यार सिंह के खिलाफ पहले से 10 से 12 मामले दर्ज हैं, जिनमें नशा तस्करी और चोरी के केस शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार भी बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।