रात को खाना खाया, सुबह मिली लाशेें, जवाली में मां-बेटी की संदिग्ध मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती

 

पुलिस थाना जवाली के अधीन पंचायत धेवा में एक ही परिवार के मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का समाचार है जबकि बेटे की हालत स्थिर है। मृतकों की पहचान शकुंतला देवी (40) पत्नी बुद्धि सिंह निवासी धेवा, प्रिया (12) पुत्री बुद्धि सिंह निवासी धेवा के रूप में हुई है, जबकि लेख राज गुगलू (14) पुत्र बुद्धि सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली जाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। इसकी सूचना पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी नूरपुर इलमा अफरोज, डीएसपी जवाली वीरी सिंह सहित पुलिस, पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह, बीडीसी नसीब सिंह इत्यादि मौका पर पहुंच गए। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

फोरेंसिक टीम को भी मौका पर बुलाया गया है जिसके द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों के बयान कलमबद्ध किए हैं। इस हृदयविदारक घटना से बुद्धि सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बुद्धि सिंह दिहाड़ी-मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। मृतका शकुंतला देवी आशा वर्कर के रूप में कार्यरत थीं, जबकि बेटी नवमी कक्षा में पढ़ती थी। इस घटना से सनसनी का माहौल है। बुद्धि सिंह ने बताया कि हमने गुरुवार रात को खाना खाया और सोने चले गए। सुबह उठकर जब मैंने अपनी पत्नी व लडक़ी को जगाने का प्रयास किया, तो दोनों ही मृत थीं। लडक़े को उल्टियां आ रही थीं जिसको उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बुद्धि सिंह के बयान पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *