
जुझार नगर की गली नंबर.3 में सोमवार दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 73 वर्षीय दौलत राम सैनी निवासी जुझार नगर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी कृष्णा देवी 68 गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें पहले फेज-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीजीआई रैफर कर दिया गया। उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी धीमी थी। इसी दौरान सीमेंट से लदे एक कैंटर को ओवरटेक करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दंपती सडक़ पर गिर पड़े। अचानक गिरने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ।
पीछे अपनी गाड़ी से आ रहे जुझार नगर के सरपंच इकबाल सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने निजी एंबुलेंस बुलाकर मृतक और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई। सरपंच इकबाल सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कैंटर सीमेंट से लदा हुआ था।
उन्होंने प्रशासन से अवैध पार्किंग हटाने और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं, पुलिस ने कैंटर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में बलौंगी थाना प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है।