रिवालसर के इंजीनियर राहुल शर्मा का शव मिला 3 महीने पहले हुई थी शादी

केरल के वायनाड में ट्विन-टनल निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन में लापता चल रहे मंडी के रिवालसर निवासी साइट इंजीनियर राहुल शर्मा का शव बरामद कर लिया गया है। गुरुवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद पार्थिव शरीर को सडक़ मार्ग से मंडी लाया जाएगा। संभावना है कि शुक्रवार तक राहुल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंच जाएगा।

राहुल शर्मा के पिता रूप देव के साथ वायनाड पहुंचे रिश्तेदार रामवीर ने बताया कि वह अभी औपचारिकताएं पूरी करने में लगे हैं। रिवालसर के विकासनगर (ढोह) निवासी राहुल शर्मा की मौत की पुष्टि होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके पिता रूपदेव शर्मा, भाई रोहित और अन्य परिजन वायनाड में मौजूद हैं, जहां वे सभी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। राहुल की पत्नी भी केरल में ही हैं। उधर रिवालसर स्थित घर में बीमार मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

क्या हुआ था

मंगलवार को मेप्पाडी के कक्कडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के समीप निर्माणाधीन ट्विन-टनल परियोजना में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढह गया था। मलबा सीधे कार्यस्थल पर गिरने से कई कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद लगातार दो दिनों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। भारी बारिश और धंसती मिट्टी के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित होता रहा। बाद में मलबे से राहुल शर्मा का शव बरामद किया गया।

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

केरल सरकार ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए दो अलग-अलग जांचों के आदेश दिए हैं। एक जांच दुर्घटना के तकनीकी कारणों की होगी, जबकि दूसरी पर्यावरणीय मंजूरी की शर्तों के पालन को लेकर कराई जाएगी। राज्य सरकार ने टनल निर्माण कार्य को अगले आदेश तक रोक दिया है तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ मंत्रियों को मौके पर तैनात किया गया है।

मंडी प्रशासन लगातार रहा संपर्क में

मंडी जिला प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम के दौरान वायनाड प्रशासन के लगातार संपर्क में रहा। उपायुक्त अपूर्व देवगन और एडीएम मदन कुमार ने परिजनों से संपर्क बनाए रखा और आवश्यक समन्वय किया।

मार्च में हुई थी शादी, अब गांव लौटेगा पार्थिव शरीर

राहुल शर्मा का विवाह इसी वर्ष मार्च में हुआ था। शादी के बाद वह दोबारा ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इस तरह हमेशा के लिए घर लौटेगा। अब पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल का पार्थिव शरीर मंडी लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरे रिवालसर क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *