
पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े 2 ट्रकों में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
जानकारी के मुताबिक, वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े ट्रकों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन आग बुझाने में नाकाम रही। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहली गाड़ी किसी टेक्निकल खराबी की वजह से काम नहीं कर पाई। हालात को देखते हुए लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाला और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
थोड़ी मुश्किल के बाद फायर ब्रिगेड की दूसरी गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने भी माना कि गाड़ी में टेक्निकल खराबी थी, जिसकी वजह से वे समय पर काम नहीं कर पाए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, एयर प्रेशर टैंक फटने की वजह से आग लगी। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दोनों ट्रकों को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इमरजेंसी के दौरान फायर ब्रिगेड सिस्टम को और बेहतर किया जाए ताकि समय रहते किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।