भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में किसानों का चंडीगढ़ में मार्च

 

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पंजाब की विभिन्न किसान जत्थेबंदियों ने शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) की अगुवाई में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और पंजाब की नई लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड से मटका चौक तक रोष मार्च निकाला और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।

 

इसके कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की। किसान सुबह से ही बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों के जरिए सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड पहुंचते रहे, जहां महापड़ाव और विशाल रैली का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि यदि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता लागू होता है तो इसका नुकसान केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों को भी उठाना पड़ेगा। उन्होंने पंजाब सरकार से नई लैंड पूलिंग पॉलिसी को तत्काल रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि किसान पहले ही इस नीति को अस्वीकार कर चुके हैं। उगराहां ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण बढ़ती महंगाई से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने छोटे व्यापारियों, मजदूरों और आम लोगों से किसानों के संघर्ष में शामिल होकर सरकार पर जनविरोधी नीतियां वापस लेने का दबाव बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *