
रविवार को सुबह अचानक छाए काले बादलों के बाद तूफानी बारिश ने चंडीगढ़ सहित आस-पास के इलाकों में जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। शहर में कहीं जगह पेड़ों के उखड़ने की भी सूचना है और कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने से गाड़ियों के शक्तिग्रस्त होने का भी समाचार है। आसमान में उमड़े बादलों से सुबह के वक्त ही रात जैसा नजारा बन गया। सड़कों पर गाड़ियों को हेडलाइट्स जलाकर चलना पड़ा।
50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं
मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने लगीं। बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक के बीच शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। तूफान का असर शहर के बुनियादी ढांचे पर भी देखने को मिला। हवाओं का वेग इतना तेज था कि शहर के कई इलाकों में पुराने और भारी-भरकम पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर आ गिरे। इसके चलते कई मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिन के उजाले में घुप अंधेरा होने और लगातार बारिश से लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। पेड़ गिरने और तेज हवाओं के कारण शहर के कई सेक्टरों में घंटों तक बिजली गुल रही।
जलभराव की स्थिति:
लगातार हुई तेज बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। यह सिस्टम ऊपरी स्तर की पश्चिमी हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है, जबकि उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बनने से मौसम अस्थिर बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ भी आगे बढ़ चुका है, जिसका असर पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 4 और 5 मई को बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है, जबकि 6 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 मई को भी बारिश का अनुमान है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज प्रदेश के 8 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और रूपनगर में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 8 मई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।