हिमाचल में पांच और 6 को आंधी-तूफान का अलर्ट, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

 

हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताह मौसम लगातार करवट बदलता नजर आएगा। सोमवार से शुरू हुए सप्ताह में पहले तीन दिन लोगों को आंधी, बारिश और बिजली गिरने जैसी गतिविधियों से जूझना पड़ सकता है, जबकि बीच के दिनों में राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार 4 और 5 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। 6 मई को भी कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में ज्यादा असर देखने को मिलेगा। शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, हमीरपुर, ऊना और सोलन जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं के कारण कमजोर ढांचों, बिजली लाइनों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है, वहीं ओलावृष्टि से फसलों और बागवानी को भी खतरा बना हुआ है।

 

हालांकि 7, 8 और 9 मई को मौसम में सुधार देखने को मिलेगा और प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन दिनों तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और लोगों को बारिश व तूफान से राहत मिलेगी। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी, क्योंकि 10 मई को एक बार फिर मौसम बदलने के आसार हैं। इस दिन प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। ताबो में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान में भी 3 से 10 डिग्री तक बढऩे की संभावना है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें तथा बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें। वाहन चालकों को भी फिसलन और कम दृश्यता के चलते विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों और बागवानी को ओलावृष्टि से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करें। कुल मिलाकर यह सप्ताह हिमाचल में मौसम के तीन अलग-अलग रंग दिखाएगा, जिसमें शुरुआत तूफानी, बीच में राहत भरी और अंत में फिर से बदलते मौसम का असर देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *