युवक की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने की फायरिंग, मामले की जांच शुरू

 

अमृतसर के थाना मेहता चौक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली महिसमपुरा रोड पर शनिवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह के रूप में हुई है, जो सुखराज सिंह का इकलौता बेटा था और 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को शुरुआत में सूचना मिली थी कि सडक़ पर एक एक्सीडेंट हुआ है। जब थाना मेहता के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो तब तक अमरजोत की मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं, जिससे साफ हो गया कि उसकी मौत फायरिंग के कारण हुई है। इस मामले में एसएसपी देहाती सोहेल मीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

 

और सारी टीम मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण थे और इसमें कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है, कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से भी अपील की गई है, कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को तुरंत सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *