नेरचौक में 3 युवकों की दर्दनाक मौत, हाई-वे पर सडक़ किनारे खड़ी हाइड्रा से टकराई कार

 

मंडी के बल्ह में सोमवार देर रात मौत ने ऐसा तांडव मचाया कि तीन नौजवानों की जिंदगी पल भर में खत्म हो गई। हादसा नेरचौक के लोअर मार्केट में जेसीबी शोरूम के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अनिल कुमार, रोहित और सुभाष की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य युवक एम्स बिलासपुर में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

हादसे के पीछे असली गुनहगार कौन है? प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अचानक लावारिस पशुओं के सडक़ पर आने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोगों का कहना है कि डडौर से नेरचौक तक सडक़ किनारे खड़े बेतरतीब वाहन और मशीनें हादसों को खुला न्योता दे रही हैं। अगर प्रशासन ने इन अवैध पार्किंग पर लगाम कसी होती, तो शायद यह बड़ा हादसा टल सकता था। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *