इंटरव्यू देने जा रही 21 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौ/त

 

नौकरी के इंटरव्यू के लिए घर से बड़े अरमानों के साथ निकली 21 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मलोट रोड फ्लाईओवर पर गुरुवार को बेकाबू कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से गंभीर रूप से घायल हुई युवती ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने एक होनहार बेटी के सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

मृतका की पहचान सानिया भूटानी निवासी राजीव गांधी कॉलोनी के रूप में हुई है। वह पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में कार्यरत जूनियर इंजीनियर अमित भूटानी की पुत्री थी। जानकारी के अनुसार सानिया अपने कुछ साथियों के साथ बाबा फरीद इंस्टीट्यूट में नौकरी के इंटरव्यू के लिए कार से जा रही थी। जब उनकी कार मलोट रोड फ्लाईओवर पर पहुंची तो चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और कार पुल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

 

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सानिया को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सानिया की मौत की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को दाना मंडी स्थित रामबाग श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी।

 

परिजनों ने बताया कि सानिया पढ़ाई में बेहद मेधावी, मेहनती और मिलनसार स्वभाव की थी। वह अपने करियर को लेकर बेहद गंभीर थी और नौकरी पाने के लिए लगातार तैयारी कर रही थी। जिस इंटरव्यू से उसके सुनहरे भविष्य की उम्मीदें जुड़ी थीं, उसी सफर ने उसकी जिंदगी छीन ली। इस दुखद हादसे पर शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *