
बच्चों से यौन शोषण मामले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मंगलवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। उन्हें डर है कि प्रयागराज पुलिस उनकी गिरफ्तारी कर सकती है। 21 फरवरी को एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रयागराज पुलिस ने जांच तेज कर दी। सोमवार को पुलिस की एक टीम वाराणसी पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस से शंकराचार्य और उनके करीबियों की जानकारी जुटाई। सूत्रों के मुताबिक, प्रयागराज पुलिस शंकराचार्य से पूछताछ करने उनके आश्रम पहुंच सकती है और गिरफ्तारी भी कर सकती है। इसी आशंका को देखते हुए शंकराचार्य ने वकील के जरिए हाई कोर्ट का रुख किया है। उधर, मंगलवार को शंकराचार्य ने वाराणसी में प्रेस कान्फ्रेंस की। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई लडक़ा आरोप लगा रहा था, तो उसी दिन पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मेडिकल परीक्षण क्यों नहीं कराया गया। उनका कहना था कि अदालत के आदेश के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की गई। सरकार चाहती थी कि उनके खिलाफ कार्रवाई के कोर्ट को ढाल बनाया जाए। उन्होंने प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा पर साजिश रचने का आरोप लगाया। मोबाइल पर अजय पाल शर्मा और आशुतोष महाराज की एक तस्वीर भी दिखाई। इसमें अजय पाल शर्मा केक काटते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि आशुतोष महाराज उनके बगल में खड़े हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि इनका नाम अजय पाल शर्मा है। इस समय इनके अधीन ही जांच चल रही है। एक हिस्ट्रीशीटर के साथ पुलिस का बड़ा अफसर बर्थडे सेलिब्रेशन कर रहा है। मेरे खिलाफ सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से किया गया। पूरे सिस्टम को मेरे खिलाफ इसलिए लगाया गया है, ताकि मैं गो-रक्षा अभियान से पीछे हट जाऊं, लेकिन यह संभव नहीं है। उधर, शंकराचार्य की अग्रिम जमानत याचिका दायर करने पर आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधी को कोर्ट जमानत दे देगी, ऐसा मुझे नहीं लगता। हम उनकी जमानत का विरोध करेंगे। वीडियो जारी कर आशुतोष महाराज ने कहा कि जिस अधिकारी की बात की जा रही है, वह मेरे जनपद शामली का पुलिस कप्तान था। हां, उन्होंने कई अच्छे एनकाउंटर किए थे, इसलिए मुलाकात हुई थी। उधर, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को कार्यकर्ताओं के साथ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने पहुंचे। अजय राय ने कहा कि पूरे प्रदेश के 75 जिलों में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में बुधवार को प्रदर्शन किया जाएगा। प्रधानमंत्री जी, मौन मत रहिए। अगर मुख्यमंत्री गलत कर रहे हैं तो हस्तक्षेप कर कार्रवाई करें।
शाहजहांपुर के रमाकांत दीक्षित बोले
आशुतोष महाराज ने बेटियों के जरिए फंसाने का दिया था लालच
शाहजहांपुर में रहने वाले रमाकांत दीक्षित ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर एफआईआर करवाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने मंगलवार को मीडिया के सामने कहा कि आशुतोष पांडेय ने उसे अपनी नाबालिग बेटियों के जरिए शंकराचार्य को फंसाने का लालच दिया था। वह तीन-चार अन्य लोगों के साथ उसके घर पर आया था और यह लालच दिया था। इसके बदले में उसने परिवार को सुरक्षा देने की बात भी कही थी, लेकिन उसने इस साजिश में शामिल होने से इनकार कर दिया था। यह बात उसने शंकराचार्य को वाराणसी पहुंचकर बताई है। रमाकांत दीक्षित ने कहा कि उसे इन दोनों के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप से कोई लेना-देना नहीं है।
फलाहारी बाबा का ऐलान
आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटने वाले को 21 लाख का इनाम
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी संतों के निशाने पर आ गए हैं। फलाहारी बाबा ने ऐलान किया कि आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटने वाले सनातनी को 21 लाख का इनाम मिलेगा। फलाहारी महाराज ने कहा कि आशुतोष पांडे को जूतों की माला पहनानी चाहिए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने आशुतोष ब्रह्मचारी को गौ हत्यारा बताया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य 125 करोड़ हिंदुओं के लिए पूजनीय हैं। उनका कहना है कि शंकराचार्य महाराज पर घिनौना आरोप लगाने से सनातनी हिंदू अपमानित हो रहे हैं। आशुतोष ब्रह्मचारी ने जो ये झूठे इलजाम लगाए हैं, उनके लिए सनातनी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे