पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई साढ़े छह किलो हेरोइन की खेप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

 

श्रीगंगानगर। राजस्थान में सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में रविवार को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में ड्रोन के जरिए गिराई गई साढ़े छह किलो हेरोइन बरामद करके एक तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि देर रात चक 43-44 पीएस के सरसों के खेत में सीमा पार से ड्रोन से गिराये गये हेरोइन के पैकेट उठाते एक तस्कर को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से आठ पैकेट में करीब साढ़े छह किलो शुद्ध हेरोइन बरामद हुई। इसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य 33 करोड़ रुपये है।

 

पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति पंजाब का निवासी है। उसके साथ पंजाब से ही तीन चार अन्य तस्कर भी इस खेप को लेने के लिए सरसों के खेत पहुंचे थे, लेकिन एक किसान ने उन्हें देख लिया और तुरंत बीएसएफ की निकटवर्ती सीमा चौकी चक 41-पीएस को सूचना दे दी। बीएसएफ जवानों ने तत्काल इलाका घेर लिया और आरोपी को आठ पैकेट हेरोइन के साथ मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जब आरोपी के साथी तस्करों ने देखा कि उनका साथी समय पर लौटकर नहीं आया तो उन्हें शक हो गया और वे अपनी गाड़ी में तुरंत भाग निकले।

सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय पुलिस को करीब चार घंटे बाद दी। इस देरी का फायदा उठाकर पंजाब के बाकी तस्कर पहले ही फरार हो चुके थे। उसके बाद पुलिस, बीएसएफ और गुप्तचर एजेंसियों के संयुक्त दल ने पूरे क्षेत्र में तलाशी ऑपरेशन चलाया और नाकाबंदी भी की, लेकिन तब तक तस्कर दूर निकल चुके थे। आज सुबह बीएसएफ, पुलिस और गुप्तचर एजेंसियों के दल ने उस खेत और आसपास के सभी खेतों में छानबीन की, लेकिन कोई और पैकेट या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने फिलहाल आरोपी का नाम एवं अन्य विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *