
खाना खाते वक्त अचानक ऐसा क्या हो गया कि तैश में आकर पत्नी ने पति पर चूल्हे पर उबलता दूध ही फेंक दिया। खौलता हुए दूध फेंकने से पति का चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस गया है। जानकारी के अनुसार उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत हटली पुलिस थाना क्षेत्र के गांव जमनौंण में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली बहस के दौरान एक पत्नी ने अपना आपा खोते हुए अपने ही पति पर चूल्हे पर उबलता हुआ गर्म दूध फेंक दिया। इस हमले में पति गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़त धर्मपाल (32), पुत्र स्वर्गीय रतन चंद, निवासी गांव जमनौंण ने बताया कि यह घटना बीते मंगलवार (10 मार्च) रात करीब 8 बजे की है। रात के समय पति-पत्नी रसोईघर में खाना खाने के बाद बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। धर्मपाल के अनुसार, उसकी पत्नी नीना कुमारी लगातार बहस कर रही थी। जब उसने पत्नी को शांत रहने और बहस न करने के लिए कहा, तो पत्नी गुस्से में आ गई। उसने पास में ही उबल रहा गर्म दूध उठाया और जानबूझकर धर्मपाल के ऊपर फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से धर्मपाल खुद को बचा नहीं पाया। उबलता दूध गिरने से उसका चेहरा और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हटली थाना पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई की है।