ईरान का अमरीका पर पलटवार, ट्रंप के मिसाइल दावों को बताया बड़ा झूठ

 

ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें तेहरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल शक्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने वाशिंगटन के बयानों को ‘एक के बाद एक बोला गया झूठ’ करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए बघाई ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलों और हालिया नागरिक अशांति में हताहतों की संख्या को लेकर अमेरिका जो कुछ भी कह रहा है, वह पूरी तरह मनगढ़ंत और ‘बड़े झूठ’ का दोहराव है। उन्होंने अमेरिका पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया।

 

इससे पहले ट्रंप ने कांग्रेस (संसद) में दिये एक भाषण में दोहराया कि वह ईरान के मुद्दे पर ‘सभी विकल्प’ खुले रख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कूटनीति विफल रहती है, तो वह ‘सीमित युद्ध’ से भी पीछे नहीं हटेंगे। ट्रंप ने कहा, “हमारी नीति का मुख्य स्तंभ यह है कि हम ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।” इस भाषण में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने ऐसी मिसाइलें विकसित कर ली हैं जो यूरोप और विदेशी अमेरिकी ठिकानों के लिए खतरा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अब ऐसी मिसाइलों पर काम कर रहा है, जो जल्द ही अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम होंगी।

अमरीका के राष्ट्रपति ने याद दिलाया कि पिछले साल जून में अमेरिकी हवाई हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट कर दिया था। ट्रंप का कहना है कि ईरान को चेतावनी दी गई थी कि वह अपने कार्यक्रम दोहराए नहीं, लेकिन वह अपनी ‘बड़ी महत्वाकांक्षाओं’ के साथ इसे फिर से शुरू कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *