स्कूली छात्रों को मिलेंगे 600 रुपए, सरकार ने भेजा पैसा, सीधे खाते में जमा होगी राशि

 

प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी किए हैं कि कक्षा पहली से आठवीं तक पढऩे वाले पात्र विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए। यह राशि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए प्रदान की जा रही है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी किए गए निर्देशों के अनुसार यह राशि सभी लड़कियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बीपीएल वर्ग के लडक़ों को दी जाएगी। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खाते या उनकी माता के बैंक खाते में भेजा जाएगा।

शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रति विद्यार्थी 600 रुपए की दर से यह राशि जिलों को भेज दी गई है। अब जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र विद्यार्थियों के खातों में यह राशि समय पर ट्रांसफर करें। इसके लिए जिन विद्यार्थियों के बैंक खाते नहीं हैं, उनके खाते खोलने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र छात्र को इस योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि राज्य स्तर से राशि जारी होने के एक महीने के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों के खातों में यह पैसा भेजना सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद संबंधित अधिकारी इस राशि के उपयोग का प्रमाण पत्र एक सप्ताह के भीतर शिक्षा निदेशालय को भेजेंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन श्रेणियों के विद्यार्थियों को यह लाभ दिया जाना है, उनमें से कोई भी पात्र छात्र इस सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही बैंक खातों में जमा राशि पर मिलने वाला ब्याज भी सरकारी खजाने में जमा करवाया जाएगा। विभाग ने सभी जिलों से यह भी कहा है कि वे यह सुनिश्चित करते हुए प्रमाण पत्र दें कि उनके जिले में कक्षा पहली से आठवीं तक के सभी पात्र विद्यार्थियों लड़कियों, एससी, एसटी और बीपीएल वर्ग के लडक़ों को यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *