HRTC बस की ब्रेक हुई फेल, चालक की सूझबूझ से बची 50 यात्रियों की जान

 

चंबा जिले में एक बार फिर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस हादसे का शिकार होते-होते बची हुई। मिली जानकारी के अनुसार, अगाहर रूट पर चलने वाली बस की प्रेशर पाइप अचानक फट गई, जिससे बस के ब्रेक फेल हो गए।​ बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल थे।

 

ब्रेक फेल होने का अहसास होते ही बस चालक ने सूझबूझ दिखाई और बस को सड़क के साथ लगी पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। यदि ड्राइवर समय पर यह कदम नहीं उठाता, तो बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों और बच्चों में दहशत का माहौल देखा गया। गनीमत यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने HRTC प्रबंधन और सरकार के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि जुम्हार जैसे दुर्गम रूटों पर पुरानी और खटारा बसें भेजी जा रही हैं, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से मांग की है कि इन रूटों पर नई बसें चलाई जाएं ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *