Transporter से मांगी तीन करोड़ की रंगदारी

मोहाली के लांडरां स्थित एक ट्रांसपोर्टर को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर तीन करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सदर खरड़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-116 स्थित एसबीपी सिटी ऑफ ड्रीम्स निवासी रविंदर सिंह उर्फ रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े हैं। उनके अनुसार, दो अप्रैल से एक विदेशी मोबाइल नंबर से लगातार व्हाट्स ऐप कॉल, वॉयस मैसेज और धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं। कॉल करने वाला स्वयं को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताकर तीन करोड़ रुपए की रंगदारी मांग रहा है और रकम नहीं देने पर परिवार सहित हत्या की धमकी दे रहा है।

 

रविंदर सिंह ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्होंने 22 जून को पंजाब के डीजीपीए एडीजीपी सिक्योरिटी एसएसपी मोहाली और सदर खरड़ थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के साथ व्हाट्स ऐप वॉयस रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी सौंपे गए थे। उनका आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करना पड़ा। रविंदर सिंह का आरोप है कि हाईकोर्ट के आदेश के कुछ घंटे बाद ही छह जुलाई की रात करीब 10:37 बजे उसी विदेशी नंबर से लगभग 50 सेकंड का एक और व्हाट्स ऐप वॉयस मैसेज मिला। इसके अलावा शाम 5:54 बजे से 5:58 बजे के बीच उसी नंबर से कई व्हाट्स ऐप कॉल भी की गईं।

 

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति शालिनी सिंह नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ता की 22 जून की सुरक्षा संबंधी अर्जी पर एक सप्ताह के भीतर निर्णय लिया जाए। अदालत ने कहा कि यदि उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से याचिकाकर्ता की जान को वास्तविक खतरा प्रतीत होता है तो कानून के अनुसार तत्काल सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *