
पंजाब में मंगलवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास हुए धमाकों के बाद राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली घटना जालंधर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) मुख्यालय के बाहर और दूसरी अमृतसर के खासा इलाके में एक आर्मी कैंप के पास हुई। इन घटनाओं ने सुरक्षा बलों और पंजाब पुलिस को बहु-एजेंसी जांच के लिए प्रेरित किया है। हालांकि अब तक इन विस्फोटों में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पहला धमाका रात करीब सवा आठ बजे जालंधर में हुआ, जहां बीएसएफ पंजाब मुख्यालय के गेट के बाहर खड़ी एक स्कूटर में विस्फोट हो गया। इसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके कुछ घंटों बाद, रात करीब 10:30 बजे अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप के पास एक और विस्फोट की खबर मिली।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि धमाके की आवाज 1.5 किलोमीटर दूर तक सुनी गई और इसका प्रभाव इतना तेज था कि पास की दीवारें तक हिल गईं। जालंधर में हुए धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (केएलएफ) ने एक पोस्ट शेयर कर ली है। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही। पोस्ट में लिखा है कि पांच मई, 2026 को रात आठ बजे पंजाब में जालंधर के फ्रंटियर हेडक्वार्टर बीएसएफ एक आइईडी हमला किया गया। केएलएफ (खालिस्तान लिबरेशन आर्मी) आज हमले की जिम्मेदारी लेती है, जिसके दौरान दो बीएसएफ सिपाही मारे गए और तीन जख्मी हो गए। यह हमला ऑपरेशन नवा सवेरा का हिस्सा है, जो कि तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारे भाई शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला पूरा नहीं होता और खालिस्तान आजाद नहीं होता। पोस्ट में आगे लिखा है कि एक बार फिर केएलएफ डीआईजी संदीप गोयल को चेतावनी देती है कि आप, आपका परिवार और आपके रिश्तेदार हमारा निशाना हैं।
शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला आपके करीबियों और प्यारे लोगों के खून से लिया जाएगा। गोयल परिवार ने बहुत सारे अत्याचार किए हैं। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। विशेष की वीडियो जल्द ही जारी की जा रही है। जालंधर में पीएपी चौक के पास रात लगभग आठ बजे स्कूटी के पास धमाका हुआ। सूत्रों के मुताबिक, एक आतंकी पीएपी चौक की ओर से रॉन्ग साइड से पैदल आता दिखा। वह सीधे उस स्थान तक पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॅलीथीन में लिपटा पैकेट वहां छोड़ा और बस अड्डे की ओर दौड़ लगा दी। इसके कुछ सेकेंड में धमाका हो गया। धमाका जिस एक्टिवा में हुआ वह बीएसएफ के पूर्व जवान कश्मीर सिंह (गांव गढ़ा) की है।